Railways News: लाखों रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर, कानपुर और भोपाल शताब्दी पटरी पर उतरेगी

131

नई दिल्ली ,  त्योहार के दिनों में सफर करने में यात्रियों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए विशेष ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसी कड़ी में रेल प्रशासन ने नई दिल्ली से कानपुर सेंट्रल और नई दिल्ली से हबीबगंज के बीच चलने वाली शताब्दी ट्रेनों को भी चलाने का फैसला किया गया है। दोनों विशेष ट्रेन के तौर पर चलेंगी। नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल शताब्दी एक्सप्रेस विशेष (02033/02034) का संचालन 20 अक्टूबर से 30 नवंबर तक होगा। कानपुर से यह ट्रेन सुबह छह बजे चलकर पूर्वाह्न 11.20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी दिशा में नई दिल्ली से अपराह्न साढ़े तीन बजे प्रस्थान कर रात्रि 08.45 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। मार्ग में इसका ठहराव इटावा, अलीगढ़ तथा गाजियाबाद स्टेशनों पर होगा।

वहीं, नई दिल्ली-हबीबगंज शताब्दी एक्सप्रेस विशेष (02001/02002) 17 अक्टूबर से चलेगी। नई दिल्ली से सुबह साढ़े पांच बजे प्रस्थान कर उसी दिन दोपहर 02.25 बजे हबीबगंज पहुंचेगी। वापसी दिशा में हबीबगंज से अपराह्न तीन बजे चलकर रात्रि 11.55 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। मार्ग में यह रेलगाड़ी मथुरा, आगरा छावनी, मुरैना, ग्वालियर, झांसी, ललितपुर और भोपाल स्टेशनों पर ठहरेगी।

वहीं, नवंबर महीने में पड़ने वाले छठ और दीपावली त्योहार के मद्देनजर भारतीय रेलवे ने कुल 392 नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का एलान किया है। इन फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन आगामी 20 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच किया जाएगा। रेलवे के अधिकारियों की मानें तो कोलकाता (पश्चिम बंगाल), पटना (बिहार), बनारस और लखनऊ (उत्तर प्रदेश) से सर्वाधिक यात्री मिलेंगे। ऐसे में अक्टूबर और नवंबर में दुर्गापूजा, दशहरा, दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहार के मद्देनजर भारतीय रेलवे ने 392 ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। 30 नवंबर तक ही इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके बाद इन्हें आगे नहीं चलाया जाएगा। इन ट्रेनों की रफ्तार 55 किमी प्रति घंटे की होगी। इन ट्रेनों का किराया स्पेशल ट्रेनों की तरह ही होगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.