LIVE Coronavirus Delhi News Update: 428 नए मामलों के साथ दिल्ली में 5532 हुई कोरोना पीड़ितों की संख्या.

204

नई दिल्ली,  कोरोना वायरस का संक्रमण राजधानी दिल्ली में तेजी से पांव पसार रहा है। बुधवार को यहां 428 नए मामले मिले, जबकि एक मरीज की मौत हो गई। यह एक दिन में मिले अब तक के सर्वाधिक मामले हैं। वहीं मरने वालों की संख्या 65 हो गई है। इसके अलावा 74 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेज दिया गया है। इसी के साथ दिल्ली में मरीजों की संख्या 5532 पहुंच गई है।

बता दें कि छह दिनों में 2017 मामले मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में अब तक 5532 मामले मिले हैं। इसमें 1542 ठीक हुए जबकि 3925 संक्रमित हैं। इसमें 10 अस्पतालों में 1299 मरीज हैं। इसमें 84 आइसीयू और 12 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। वहीं तीन कोविड हेल्थ सेंटरों में 187, जबकि 12 कोविड केयर सेंटरों में 927 मरीज भर्ती किए गए हैं।

इधर 695 कोरोना संक्रमित होम आइसालेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इनकी नियमित निगरानी व टेलीकंसल्टेशन के जरिये इलाज का आदेश दिया है।

लोकनायक अस्पताल में सबसे अधिक 424 मरीज हैं। वहीं एम्स के ट्रॉमा सेंटर व राष्ट्रीय कैंसर संस्थान (एनसीआइ) को मिलाकर 312 मरीज भर्ती हैं। दरअसल एम्स में भर्ती मरीजों की संख्या पर विवाद था। सवाल उठाए गए थे कि एम्स ट्रॉमा सेंटर में सिर्फ 18 मरीज भर्ती किए गए हैं।

दिल्ली सरकार ने राजधानी के लोगों में कोरोना के संक्रमण को लेकर बढ़ती घबराहट और चिंता को दूर करने की पहल की है। सरकार ने कोरोना से जुड़े प्रश्नों, शिकायतों को दूर करने के लिए नया ट्विटर हैंडल लांच किया है। इस ट्विटर हैंडल की मॉनिटरिंग और शिकायत पर तुरंत कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक टीम भी गठित की है।
दिल्ली सरकार के आपरेशन शील्ड को सफलता मिलने का क्रम जारी है। इसके लागू होने के बाद मंगलवार को एक और क्षेत्र को हॉटस्पॉट जोन से बाहर कर दिया गया है। यह पांडव नगर की गली नंबर नौ है। अब तक 13 सील इलाकों को हॉटस्पॉट जोन से बाहर किया जा चुका है। अब दिल्ली में 87 हॉटस्पॉट जोन हैं। दिल्ली सरकार ने जिला प्रशासन की रिपोर्ट के बाद इसे सील जोन से बाहर करने का फैसला किया है।

हरकेश नगर में एक बुजुर्ग के बाद परिवार के चार अन्य लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इन्हें आरएमएल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद घर को सील कर दिया गया है। घर में रह रहे अन्य किरायेदारों को होम क्वारंटाइन कर दिया है। उनके सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। बुजुर्ग ने अपोलो अस्पताल में जांच कराई थी, जिसकी शनविार को रिपोर्ट आई थी।
वहीं कल्याणपुरी थाने में बने एसीपी कार्यालय में तैनात एक कांस्टेबल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद एसीपी जितेंद्र पटेल सहित 12 पुलिसकर्मियों को घर में क्वारंटाइन कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों से कांस्टेबल में लक्षण आ रहे थे। इसके बाद उनकी जांच करवाई गई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.