शादी के खर्च के लिए रची थी लूट की झूठी कहानी, गिरफ्तार

104

ज्वैलरी कंपनी में सेल्स मैन ने शादी के खर्च के लिए गहने हड़पने के मकसद से लूटपाट की झूठी साजिश रची थी। पुलिस को आरोपित ने बताया था कि मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर उसके पास मौजूद 985 ग्राम भार के सोने के गहने लूट ले गए।

नए दिल्ली (दिल्ली न्यूज़24) ज्वेलरी कंपनी में सेल्स मैन ने शादी के खर्च के लिए गहने हड़पने के मकसद से लूटपाट की झूठी साजिश रची थी। पुलिस को आरोपित ने बताया था कि मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर उसके पास मौजूद 985 ग्राम भार के सोने के गहने लूट ले गए। वारदात की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की छानबीन की, तो सेल्स मैन के विरोधाभाषी बयान से उसपर शक हुआ। बाद में कड़ाई से पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि रुपये की जरूरत को पूरा करने के लिए उसने यह काम किया था। आरोपित की पहचान महाराष्ट्र के सतारा निवासी उमेश भोसले के रूप में हुई है। उसके पास से गहने भी बरामद कर लिए गए हैं।

मध्य जिला के डीसीपी संजय भाटिया ने बताया कि आनंद पर्वत थाना पुलिस को 30 सितंबर को इलाके में गहने लूटने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर उमेश भोसले ने पुलिस बताया था कि वह पिछले डेढ़ वर्ष से करोल बाग स्थित श्रीचंद श्रवण कुमार ज्वेलर्स में सेल्स मैन है। वह कंपनी से 985 ग्राम गहने दिखाने स्कूटी से पीतमपुरा जा रहा था, जैसे ही वह जखीरा फ्लाईओवर पर पहुंचा दो मोटरसाइकिल सवार बदमाश वहां आए और चाकू से उसे घायल कर गहने से भरा बैग लूटकर ले गए।

शिकायत के बाद पुलिस ने घटना स्थल पर सीसीटीवी फुटेज और शिकायतकर्ता के कॉल डिटेल का विश्लेषण किया। इसमें विरोधाभास सामने आने पर पुलिस का शक उमेश पर गया।

उमेश ने बताया कि उसकी शादी तय हो गई है। शादी के खर्च के लिए उसने लूटपाट की झूठी कहानी बनाई थी। उसने तेज कील से खुद को चोट पहुंचाई थी। इसके बाद पुलिस ने उमेश को गिरफ्तार कर लिया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.