DND के रास्ते नोएडा से दिल्ली जाने वालों के लिए जरुरी खबर, बंद किए गए ये मार्ग

76


डीएनडी से आकर आश्रम फ्लाईओवर के नीचे से होकर भोगल व भोगल से लाजपत नगर जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। इससे पहले बुधवार को आश्रम अंडरपास के फ्लाईओवर के नीचे के हिस्से का निर्माण करने के लिए ट्रायल के तौर पर यह मार्ग बंद किया गया था। हालांकि दो घंटे बाद यातायात पुलिस ने मार्ग खोल दिया था। इसके बाद अब फिर से इसे बंद कर दिया गया है। अब डीएनडी से भोगल जाने वाले लोग श्रीनिवासपुरी रेडलाइट से यू-टर्न लेकर वापस भोगल जा सकेंगे। भोगल से लाजपत नगर जाने के लिए मोदी मिल फ्लाईओवर से ओखला मंडी होते हुए या फिर माता मंदिर मार्ग रेडलाइट से यू-टर्न लेकर जाना होगा।

दक्षिण जोन के यातायात पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि आश्रम चौक पर चल रहे निर्माण कार्य से लगातार वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। इसलिए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बात कर काम को जल्द पूरा करने के लिए कहा गया है। कार्य की गति को बढ़ाने के लिए मार्ग को बंद किया गया। वाहन चालकों को इसके लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध करा दिया गया है।


जाम क्यों है आश्रम चौक

दक्षिणी दिल्ली के मुख्य चौराहों में से एक आश्रम चौक पर एक साल से वाहनों का दबाव से बहुत ज्यादा है। इसकी वजह से जाम लग रहा है। साल 2020 की शुरुआत में शाहीन बाग में चल रहे धरना प्रदर्शन के चलते कालिंदी कुंज से गुजरने वाला पूरा यातायात आश्रम चौक से गुजर रहा था, जिसके चलते रोजाना पीक आवर्स में जाम लगता था। इसके बाद से आश्रम चौक पर अंडर पास और डीएनडी फ्लाइवे विस्तार का काम शुरू हो गया। इससे आश्रम चौक से गुजरने वाले वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि अंडर पास का निर्माण कार्य 50 फीसद से अधिक हो चुका है। जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे वाहन चालकों को जाम से राहत मिल जाएगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.