रैपिड किट मिलने के बाद COVID-19 की जांच में आएगी तेजीः सतेंद्र जैन

195

स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने बताया कि एक या दो दिन में रैपिड टेस्टिंग किट्स मिल जाएंगे।

इसके बाद जांच शुरु कर दी जाएगी।

दिल्ली न्यूज़ 24 रिपोर्टर(अमित लाल)। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए प्रदेश सरकार COVID-19 की जांच में तेजी लाएगी। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने बताया कि एक या दो दिन में रैपिड टेस्टिंग किट्स मिल जाएंगे। इसके बाद जांच शुरु कर दी जाएगी।

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को कोरोना के 51 नए मामले सामने आए। इनमें भी नौ जमाती हैं। दिल्ली में कुल मरीजों की संख्या 1561 पहुंच गई है। दो मरीजों की मौत भी हुई। इसी के साथ कुल मृतकों की संख्या 30 पहुंच गई है।

एक या दो पॉजिटिव केस मिलने पर ‘ऑरेंज जोन’ घोषित होगा इलाका

इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने मंगलवार को कहा कि कोरोना को लेकर और भी सख्ती की जाएगी। जैन ने कहा कि एक या दो पॉजिटिव मामले पाए जाने पर उस इलाके को ऑरेंज जोन घोषित कर दिया जाएगा। अभी दिल्ली में 55 रेड जोन हैं। वहीं यदि किसी क्षेत्र में तीन पॉजिटिव केस भी पाए जाते हैं तो उसे रेड जोन घोषित किया जा रहा है। जैन ने कहा कि हमें अभी तक रैपिड टेस्ट किट प्राप्त नहीं हुई हैं। हमें उनकी बहुत आवश्यकता है। केंद्र सरकार से वह किट मिलने वाली है जिन्हें आयात किया गया है, जिस दिन हमें ये किट मिल जाएंगी हम उसी दिन से बड़े स्तर पर जांच का काम करना शुरू कर देंगे।

ई-पास की वैधता बढ़ाई

दिल्ली सरकार द्वारा जारी किए जाने वाले ई-पास की वैधता बढ़ा दी गई है। मुख्य सचिव विजय देव ने आदेश जारी किया कि कोरोना महामारी को लेकर लगाए गए लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं से संबंधित लोगों और वाहनों के लिए जारी किए गए ई-पास की अवधि 3 मई तक के लिए बढ़ा दी गई है। ये पास पहले 14 अप्रैल तक मान्य थे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.