AAP ने सरिता सिंह को बनाया दिल्ली महिला विंग का प्रभारी, निगम चुनाव से पहले बड़ा फैसला

85


आम आदमी पार्टी ने पूर्व विधायक सरिता सिंह को दिल्ली महिला विंग का प्रभारी नियुक्त किया है। आम आदमी पार्टी ने अगामी एमसीडी चुनाव में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है। नियुक्ति के बाद सरिता सिंह ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को आश्वस्त करती हूं कि मैं दिल्ली महिला विंग को आगामी एमसीडी चुनाव में बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम करूंगी।

बता दें कि सरिता सिंह यमुनापार से विधायक रही हैं। वह पार्टी से आंदोलन के समय से जुड़ी हुई हैं। पार्टी की समर्पित कार्यकर्ता होने का लाभ उन्हें मिला है। दरअसल, सरिता सिंह तेजतर्रार और जमीन से जुड़ी नेता मानी जाती हैं। माना जा रहा है कि सरिता सिंह के ऊपर पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी है।

कौन हैं सरिता सिंह

दिल्ली में अन्ना हजारे ने जब भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था तब वह उस वक्त एक छात्रा के रूप में आंदोलन से जुड़ी थीं। जब आम आदमी पार्टी का गठन हुआ तब वह अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़ गईं। साल 2015 के विधानसभा चुनाव में रोहताश नगर विधानसभा से वह आप के टिकट पर विधायक चुनी गईं। विधायक बनने के बाद उनकी शादी हुई। इससे पहले सरिता के परिवार से कोई भी व्यक्ति राजनीति से जुड़ा नहीं था। पार्टी उन्हें 2020 के विधानसभा में फिर टिकट दिया लेकिन हार का सामना करना पड़ा।


बता दें कि नगर निगम चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने दुर्गेश पाठक और सौरभ भारद्वाज को मोर्चे पर लगा रखा है। इन दोनों नेताओं पर पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी है। अब सरिता सिंह महिलाओं के बीच जाकर पार्टी और मजबूत बनाने की कोशिश करेंगी। दिल्ली नगर निगम में भाजपा का कब्जा है। आम आदमी पार्टी निगम में विपक्ष की भूमिका में है। आने वाले चुनाव में पार्टी निगम में काबिज होना चाहती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.