लाल किला हिंसा मामले में 200 लोगों की तस्वीरें जारी, पंजाब के पूर्व गैंगस्टर ने वीडियो जारी कर दी धमकी

51


26 जनवरी को लाल किला हिंसा में आरोपित एक लाख रुपये का इनामी और पूर्व गैंगस्टर लक्खा सिंह सिधाना अब भी फरार है और लगातार वीडियो जारी कर रहा है। इस बीच लाल किला हिंसा के मास्टरमाइंड लक्खा सिंह ने जारी ताजा वीडियो में दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियों को खुलेआम चेतावनी देते हुए 23 फरवरी को एक और प्रदर्शन करने की घोषणा की है। हालांकि, यह प्रदर्शन पंजाब के बठिंडा में करने की बात कही है। उसने वीडियो जारी करके इस प्रदर्शन में पंजाब से ज्यादा से ज्यादा युवाओं को शामिल होने को कहा है। बता दें कि 26 जनवरी को किसान ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा में दिल्ली पुलिस द्वारा घोषित 1 लाख रुपये के इनामी लक्खा सिंह सिधाना अब भी दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। पिछले दिनों पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू समेत कुल चार आरोपितों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित किया था, जिनमें लक्खा सिंह सिधाना भी शामिल है। लक्खा सिंह लगातार वीडियो जारी कर दिल्ली पुलिस को चुनौती दे रहा है। इसी कड़ी में लक्खा सिंह ने अपने फेसबुक पर एक ताजा वीडियो अपलोड किया है। इस वीडियो में वह पंजाब के लोगों और युवाओं को भड़का रहा है। इसमें वह कह रहा है- ’23 फरवरी को बड़ी संख्या में लाखों की संख्या में लोग पहुंचने चाहिए। बठिंडा जिले मेहराज पिंड में आओ, उधर ही प्रदर्शन रखा गया है। आओ मेरे भाइयों बड़ी संख्या में कोशिश करें ताकि पता लगे कि हम किसान आंदोलन के साथ हैं।’


किसी टेंट में बनाया गया है वीडियो

फेसबुक पर अपलोड वीडियो किसी टेंट में बनाया गया लगता है। और यह वीडियो रात में बनाया गया है। वीडियो के मुताबिक, टेंट में कई लोग जमीन पर कंबल ओढ़कर सो रहे हैं। वहीं लक्खा सिंह सिधाना उनके बीच बैठकर वीडियो बना रहा है। पंजाब में बठिंडा के रहने वाला लक्खा सिंह सिधाना पूर्व गैंगस्टर भी है। इससे पहले लक्खा सिंह सिधाना पर पंजाब में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल भी जा चुका है। बता दें कि पंजाब के भटिंडा जिले के सिधाना गांव का रहने वाला है। एक वक्त वह पंजाब का सबसे कुख्यात गैंगस्टर हुआ करता था। उस पर दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या की कोशिश, बूथ कैप्चरिंग, लूट और अवैध हथियार रखने जैसे मामले शामिल हैं।


लाल किला हिंसा मामले में दो सौ लोगों की तस्वीरें जारी

दिल्ली पुलिस ने लाल किला पर भड़की हिंसा में शामिल दो सौ उपद्रवियों की तस्वीरें जारी की हैं। पुलिस ने कहा है कि वीडियो स्कैन कर हिंसा में शामिल उपद्रवियों की तस्वीरें ली गई हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि हमने तस्वीरें जारी कर दी हैं और शिनाख्त का लोगों को पहचानने का काम शुरू कर दिया गया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.