रूही के फ़र्स्ट लुक पोस्टर पर दिखा जाह्नवी कपूर का भूतिया अंदाज़, आने वाला है ट्रेलर

95


जाह्नवी कपूर और राजकुमार राव की फ़िल्म रूही सिनेमाघरों में 11 मार्च को रिलीज़ हो रही है। डेब्यू फ़िल्म धड़क के बाद जाह्नवी की यह दूसरी फ़िल्म है, जो सिनेमाघरों में आएगी। मंगलवार को फ़िल्म के फ़र्स्ट लुक पोस्टर रिलीज़ किये गये, जिनमें एक्ट्रेस का भूतिया लुक रिवील किया गया।

पोस्टरों पर जाह्नवी का डरावना चेहरा दिखाया गया है, वहीं राजकुमार राव और वरुण शर्मा दूल्हे बने हुए हैं। जाह्नवी ने पोस्टर इंस्टाग्राम पर शेयर करके बताया कि ट्रेलर आज 12 बजे आएगा। जाह्नवी ने इसके साथ लिखा- आइएगा ज़रूर इस भूतिया शादी में। जाह्नवी की इस पोस्ट पर उनके कज़िन हर्षवर्धन कपूर ने लिखा- तुम डरावनी दिख रही हो। बता दें, रूही हॉरर-कॉमेडी फ़िल्म है, जिसे हार्दिक मेहता ने निर्देशित किया है। इससे पहले सोमवार को फ़िल्म की रिलीज़ डेट की घोषणा मोशन पोस्टर के साथ की गयी थी।

फ़िल्म का निर्माण स्त्री बनाने वाले दिनेश विजन ने किया है, जबकि मृगदीप लाम्बा को-प्रोड्यूसर हैं। स्त्री में राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। रूही, स्त्री से शुरू हुई हॉरर-कॉमेडी सीरीज़ की अगली कड़ी है। रूही आफ़ज़ा शीर्षक के साथ फ़िल्म का एलान निर्माताओं ने 2019 में किया था। रूही पिछले साल रिलीज़ होने वाली थी, मगर पैनडेमिक के चलते सिनेमाघर बंद रहे और फ़िल्म की रिलीज़ टाल दी गयी। जाह्नवी की यह दूसरी फ़िल्म है, जो सिनेमाघरों में आएगी। इससे पहले गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल थिएटर्स में आती, मगर सिनेमाघर बंद होने के बाद उसे नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ कर दिया गया था।

रूही में राजकुमार राव और जाह्नवी कपूर के अलावा वरुण शर्मा, पंकज त्रिपाठी, एलेक्स ओनेल, सीमा पाहवा, आमना शरीफ़ और रोनित रॉय अहम किरदारों में दिखेंगे। जाह्नवी कपूर 2018 में धड़क से डेब्यू के बाद अब बड़े पर्दे पर लौट रही हैं। जाह्नवी की पिछली फ़िल्म गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल पिछले साल नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ कर दी गयी थी। इसके अलावा नेटफ्लिक्स की एंथोलॉजी फ़िल्म घोस्ट स्टोरीज़ में भी जाह्नवी नज़र आयी थीं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.