मनीष सिसोदिया के आवास में घुसकर हमला करने के मामले में 6 लोग गिरफ्तार, AAP ने भाजपा पर लगाया आरोप

82


दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास में घुसकर हमला करने के मामले में तिलक मार्ग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार भी किया है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि हमलावर भाजपा कार्यकर्ता थे। सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस अन्य हमलावरों की पहचान कर रही है।

आप नेता आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मनीष सिसोदिया के घर पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। वहीं, दिल्ली भाजपा ने आप के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उनका विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण था।

वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया के घर पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा इतनी हताश क्यों हो रही है।

आप ने की पुलिस की आलोचना


समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार, आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को सिसोदिया के निवास में प्रवेश करने से नहीं रोका और घर के आसपास की बैरिकेड्स भी हटा दीं। उन्होंने सिसोदिया के निवास के बाहरी क्षेत्र का एक कथित वीडियो दिखाया। जिसमें कुछ लोगों को जबरदस्ती सिसोदिया के घर के अंदर प्रवेश करते देखा जा सकता है। सौरभ भारद्वाज ने कहा, “भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री के घर पर उस समय हमला किया, जब वह मौजूद नहीं थे।


आप के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए, दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवरा ने दावा किया कि AAP नेता भाजपा के महापौर और अन्य निगम नेताओं के खिलाफ साजिश रच रहे थे। उन्होंने कहा, “हमने सिसोदिया के आवास के बाहर विरोध किया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि भाजपा कार्यकर्ता किसी भी चुनौती का जवाब देने में सक्षम हैं।”

भाजपा कार्यकर्ताओं ने इससे पहले केजरीवाल सरकार से बकाया भुगतान की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना देते हुए पार्टी शासित नगर निगमों के महापौरों और नेताओं को मारने की कथित साजिश को लेकर सिसोदिया के आवास के पास धरना दिया। दिल्ली भाजपा ने बुधवार को सिसोदिया और AAP नेता दुर्गेश पाठक के खिलाफ एक पुलिस शिकायत दर्ज की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वे पार्टी शासित नगर निगमों के नेताओं की हत्या की साजिश रच रहे थे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.