दिल्ली सरकार विशेषज्ञों की सलाह मानती तो नहीं बिगड़ती स्थिति: आदेश गुप्ता

85


सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं लगाने पर जुर्माना की राशि पांच सौ रुपये से बढ़ाकर दो हजार रुपये करने का भाजपा ने विरोध किया है। उसका कहना है कि इससे उन गरीबों को परेशानी होगी, जिनके पास मास्क खरीदने के लिए पैसे नहीं है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नवंबर में कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका जताई थी, लेकिन दिल्ली सरकार ने कोई तैयारी नहीं की। इस वजह से राजधानी में संक्रमितों व मरने वालों की संख्या बढ़ रही है। वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के साथ प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री भीड़ के साथ बिना मास्क लगाए कार्यक्रम करते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है। उन्होंने मास्क नहीं पहनने के नाम पर लोगों को परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया। कहा कि बाजारों में शारीरिक दूरी का पालन कराने और लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरूक करने की जरूरत है। इसके लिए सिविल डिफेंस के लोगों को तैनात किया जाना चाहिए।


उन्होंने कहा कि मार्च से दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं। आठ माह में भी सरकार जरूरी व्यवस्था नहीं कर सकी है। गृहमंत्री अमित शाह के हस्तक्षेप के बाद स्थिति कुछ सुधरी थी। अब फिर से गृहमंत्री को हस्तक्षेप करना पड़ा है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.