दिल्ली में टूटा तीन साल का रिकॉर्ड, 17.8 डिग्री पर पहुंचा न्यूनतम तापमान

58


राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट हुई, लेकिन न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। इस वजह से 27 फरवरी की सुबह तीन साल में सबसे गर्म रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन मौसम गर्म बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2018 में 20 व 25 फरवरी को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में तापमान सामान्य से अधिक

भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से अधिक है। दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से पांच-छह डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से एक और दो मार्च को क्षेत्र में तापमान में मामूली कमी आने की संभावना है।


खराब श्रेणी में हवा की गुणवत्ता

बदलते मौसम के साथ दिल्ली व गुरुग्राम में शनिवार को प्रदूषण का स्तर कम हुआ है। गाजियाबाद व गुरुग्राम को छोड़कर दिल्ली सहित एनसीआर के अन्य शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इस वजह से एयर इंडेक्स थोड़ा बढ़ सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 203 दर्ज किया गया। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 229 था। गाजियाबाद में एयर इंडेक्स सबसे अधिक 307 दर्ज किया गया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.