दिल्ली के विजय विहार इलाके में पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला

59


विजय विहार इलाके में शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के समय आरोपित पति भी बेसुध हालत में मिला। उसका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

चेतन प्रकाश अपनी पत्नी गीता और एक पांच साल की बेटी के साथ बुध विहार में किराये के मकान में रहता है। पुलिस के अनुसार गीता और चेतन के बीच छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा होता रहता था। शुक्रवार देर रात भी दोनों में झगड़ा हुआ था। आवाज सुनकर पड़ोसियों ने गीता के स्वजन को फोन कर जानकारी दी थी। आरोप है कि गीता के घर वाले जब तक पहुंचते तब तक चेतन ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस को पता चला कि गंभीर रूप से घायल गीता को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, गीता के पति चेतन को भी बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपित का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके होश में आने के बाद उसका बयान लिया जाएगा। पुलिस को शक है कि झगड़े के दौरान आरोपित को भी चोट लगी होगी। यह भी आशंका जताई जा रही है कि पत्नी की हत्या करने के बाद उसने खुद की जान लेने की कोशिश की होगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.