अनुराग कश्यप ने किया सोनम कपूर को किडनैप, कैसे छुड़ाएंगे अनिल कपूर? देखें मज़ेदार ट्रेलर

124


रविवार को अनिल कपूर और अनुराग कश्यप के बीच ट्विटर पर हुई नोकझोंक का कारण सामने आ गया है। दरअसल, अनिल और अनुराग के बीच ट्विटर वॉर उनकी अगली फ़िल्म AK Vs AK का ट्रेलर आने की पूर्व सूचना थी, जो नेटफ्लिक्स ओरिजिनल है। इस फ़िल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने ने किया है। फ़िल्म का ट्रेलर सोमवार को जारी कर दिया गया, जो ख़ूब पसंद किया जा रहा है।

जैसा कि नेटफ्लिक्स ने ट्रेलर शेयर करने के साथ लिखा भी है- इसमें जो होगा, असली होगा। एके वर्सेज एके में अनिल कपूर एक फ़िल्म स्टार बने हैं, जो कि वो हैं। अनुराग कश्यप फ़िल्म निर्देशक बने हैं, जो कि वो हैं और सबसे मज़ेदार बात, ट्रेलर में दिखाया गया है कि अनिल कपूर की बेटी किडनैप हो जाती है, जो कि सोनम कपूर ही हैं। इस ट्रेलर को देखकर अनुराग कश्यप की छवि विलेन की बनती है।

ट्रेलर की शुरुआत अनिल और अनुराग के एक दृश्य से होती है, जिसमें दिखाया गया है कि दोनों किसी साझा इंटरव्यू के लिए मंच पर बैठे हैं। अनिल उनकी ओर इशारा करके कहते हैं कि यह इंडस्ट्री का सबसे बड़ा फ्रॉड है। अनुराग भड़कर उठते हैं और अनिल के मुंह पर पानी फेंक देते हैं।

अगले दृश्य में अनुराग, अनिल से कहते हुए दिखते हैं, सर एक फ़िल्म की कहानी आपको सुनानी है। सोनम कपूर लापता है। आपको उसे ढूंढना है, सुबह सूरज उगने तक। इसमें जो भी होगा, असली होगा। आप उसे खोजोगे असली। जो चोट लगेगी, वो भी असली। रोओगे तो वो भी असली। हंसोगे तो वो भी… हंसी नहीं आएगी। दृश्यों में दिखाया गया है कि अनिल कपूर वॉचमैन की वर्दी पहने हुए सड़कों पर ढूंढ रहे हैं। ज़ख़्मी हैं। अंत में वो पुलिस वालों के सामने गिड़गिड़ाते हैं तो पुलिस वालों को लगता है कि वो शानदार एक्टिंग कर रहे हैं।

एके वर्सेज़ एके का ट्रेलर बेहद दिलचस्प है और इसका कॉन्सेप्ट भी ज़बरदस्त है। मगर, लगता है कि ट्रेलर जारी होने के बाद भी अनिल और अनुराग की लड़ाई थमी नहीं है। अनुराग ने ट्रेलर शेयर करके लिखा- विक्रमादित्य भाई। अनिल कपूर से सहमत होने से नफ़रत है, लेकिन यह असली नैरेटिव नहीं है। कश्यप कट जल्द ही जारी करूंगा।

इससे पहले अनिल कपूर ट्रेलर शेयर करके लिखा- एके वर्सेज़ एके की प्रेस कॉन्फ्रेंस से हम लाइव हैं। फ़िल्म का हित ध्यान में रखते हुए, मैं यह ट्रेलर रिलीज़ कर रहा हूं, लेकिन यह वो नहीं है, जिसके लिए मुझे साइन किया गया था। अभी के लिए ठीक है। लेकिन, जल्द मेरी टीम दूसरा जारी करेगी। एके वर्सेज़ एके का असली ट्रेलर।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.